
शीर्षक: मजदूरी पर गए माता-पिता, घर में अकेली 13 साल की बच्ची ने उठाया खौफनाक कदम
समाचार क्यारी (हरियणा,बहादुरगढ़)
हरियाणा के बहादुरगढ़ से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है। यहां एक 13 साल की किशोरी ने अपने ही घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने न सिर्फ एक परिवार को तोड़ दिया, बल्कि समाज में बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर भी कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बहादुरगढ़ के लाइनपार थाना क्षेत्र के विकास नगर की है। मृतक किशोरी का नाम खुशी था, जो अपने परिवार की सात बहनों में सबसे छोटी और सबसे लाडली थी। परिवार मूल रूप से बिहार के कैमूर जिले का रहने वाला है, जो रोजी-रोटी की तलाश में हरियाणा आकर बस गया था।
खुशी के पिता मजदूरी करते हैं और एक राशन डिपो पर काम करते हैं, जबकि मां भी मेहनत-मजदूरी कर परिवार का गुजारा चलाने में मदद करती है। आर्थिक रूप से कमजोर इस परिवार में खुशी सबसे छोटी होने के कारण सभी की चहेती थी।
घटना वाले दिन रविवार था। सुबह से सब कुछ सामान्य था। माता-पिता अपने काम पर निकल गए थे और घर में खुशी के साथ उसकी शादीशुदा बड़ी बहन मौजूद थी, जो दूसरे कमरे में थी। किसी को जरा भी अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में घर की खुशियां मातम में बदल जाएंगी।
बताया जा रहा है कि खुशी अपने कमरे में गई और वहां उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ समय बाद उसकी बड़ी बहन के बच्चे ने उसे फंदे पर लटका देखा। बच्चे की चीख सुनकर परिवार के लोग दौड़े और उसे नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता को जब इस घटना की जानकारी मिली तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और बाद में परिवार को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस इस मामले को सामान्य आत्महत्या मानकर जांच कर रही है, क्योंकि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतनी छोटी उम्र की बच्ची ने ऐसा कदम क्यों उठाया? परिवार वालों का कहना है कि उन्हें किसी तरह की परेशानी या तनाव की जानकारी नहीं थी। खुशी एक सामान्य और शांत स्वभाव की बच्ची थी।
यह घटना समाज के लिए एक चेतावनी है। आज के समय में बच्चे कई बार ऐसी समस्याओं से जूझते हैं, जिन्हें वे खुलकर किसी से कह नहीं पाते। मानसिक दबाव, अकेलापन या किसी बात का डर उन्हें इस तरह के खतरनाक कदम उठाने पर मजबूर कर सकता है।
जरूरत है कि माता-पिता और परिवार के लोग बच्चों के साथ ज्यादा समय बिताएं, उनकी बातें सुनें और उन्हें समझने की कोशिश करें। क्योंकि कई बार छोटी-सी बात भी बच्चों के लिए बहुत बड़ी बन जाती है।




