हरियाणा

हरियाणा में मौसम का बड़ा पलटवार: आंधी, बारिश और ओलों ने बढ़ाई चिंता, कई जिलों में रेड अलर्ट जारी

9 जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से बिगड़े हालात, कई जगह बिजली व्यवस्था प्रभावित

 

हरियाणा में मौसम का बड़ा पलटवार: आंधी, बारिश और ओलों ने बढ़ाई चिंता, कई जिलों में रेड अलर्ट जारी

चंडीगढ़, समाचार क्यारी :- हरियाणा में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने कई इलाकों में भारी परेशानी भी खड़ी कर दी। बीते दिन प्रदेश के रेवाड़ी, सिरसा, हिसार, गुरुग्राम, नूंह, महेंद्रगढ़, भिवानी, चरखी दादरी और फतेहाबाद समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ जमकर बारिश और ओले गिरे।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 3.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं आज भी मौसम का असर जारी रहने की संभावना जताई गई है। विभाग ने यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र और करनाल जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए भारी बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी दी है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।

तेज तूफान के कारण कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ। कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित रही। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में तेज हवाओं ने काफी नुकसान पहुंचाया।

हालांकि मौसम में आए बदलाव से भीषण गर्मी से लोगों को राहत जरूर मिली है, लेकिन मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक खराब मौसम बने रहने की संभावना जताई है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Back to top button