
अंबाला में भीषण अग्निकांड: जिंदल पेट्रो फोम फैक्ट्री में लगी आग, दो गोदाम जलकर खाक
समय रहते पहुंचीं दमकल की टीमें, कोई जनहानि नहीं; नुकसान का आकलन जारी
अंबाला में भीषण अग्निकांड: जिंदल पेट्रो फोम फैक्ट्री में लगी आग, दो गोदाम जलकर खाक
समाचार क्यारी, अंबाला।
हरियाणा के अंबाला जिले के मंडोर क्षेत्र स्थित जिंदल पेट्रो फोम फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए अंबाला कैंट से भी अतिरिक्त फायर टेंडर बुलाए गए। पानी की उपलब्धता कम होने के कारण दमकल कर्मियों को लगातार कई चक्कर लगाने पड़े, जिसके बाद आग पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सका।
डीएसपी जितेश ने बताया कि फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सुरक्षित कराया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग की चपेट में आने से फैक्ट्री के दो गोदाम पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। नुकसान का सही आकलन आग बुझने और जांच पूरी होने के बाद ही किया जा सकेगा।

फैक्ट्री प्रबंधन से जुड़े एक व्यक्ति ने बताया कि उन्हें सुबह आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद वे तत्काल मौके पर पहुंचे। उस समय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें आग बुझाने में जुटी हुई थीं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार फैक्ट्री को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रशासन की ओर से लगातार राहत कार्य जारी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।




