
सोनीपत में भीषण आग का कहर: दो फैक्ट्रियां जलकर राख, आसमान में छाया काला धुआं
आग की लपटों और धुएं से पूरे इलाके में मचा हड़कंप, घंटों बाद पाया गया काबू
सोनीपत में भीषण आग का कहर: दो फैक्ट्रियां जलकर राख, आसमान में छाया काला धुआं
समाचार क्यारी, सोनीपत (हिमांशु शर्मा):
सोनीपत के ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो फैक्ट्रियों में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि इलाके में दूर-दूर तक काले धुएं के गुबार दिखाई देने लगे और आसपास के लोगों में भगदड़ जैसे हालात बन गए।
जानकारी के अनुसार, आग की शुरुआत एक बांस फैक्ट्री से हुई। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री के बाहर लगे ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग भड़की, जिसने देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तेज लपटों ने पास स्थित पेंट फैक्ट्री को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया, जिससे दोनों फैक्ट्रियों में भारी नुकसान हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक निखिल मदान भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि ट्रांसफार्मर में आग लगने के कारण यह हादसा हुआ, जिसके बाद आग तेजी से दूसरी फैक्ट्री तक फैल गई। फिलहाल प्रशासन नुकसान का आंकलन करने में जुटा हुआ है।




