हरियाणा

गुरुग्राम में महिला की बेरहमी से हत्या, सड़क किनारे मिला खून से सना शव

समाचार क्यारी (हरियणा, गुरुग्राम)

गुरुग्राम : हरियाणा के गुरुग्राम जिले के भांगरोला गांव में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक महिला का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान 30 वर्षीय रेखा देवी के रूप में हुई है। महिला की धारदार हथियार से कई वार कर हत्या की गई थी। घटना के बाद से उसका पति गौरव फरार बताया जा रहा है, जिस पर पुलिस को मुख्य शक है।

जानकारी के अनुसार रेखा देवी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के भोजपुर गांव की रहने वाली थी। वह पिछले कुछ समय से अपने पति गौरव के साथ गुरुग्राम के भांगरोला गांव में किराए के मकान में रह रही थी। गौरव एक निजी कंपनी में काम करता था।

बुधवार सुबह करीब छह बजे गांव के कुछ लोग सड़क से गुजर रहे थे। तभी उनकी नजर सड़क किनारे पड़े एक शव पर पड़ी। महिला के शरीर से काफी खून बह चुका था और आसपास खून फैला हुआ था। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही खेड़की दौला थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके साथ ही एफएसएल और सीन ऑफ क्राइम की टीमों को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाने शुरू किए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला पर किसी नुकीले हथियार या चाकू से कई बार हमला किया गया था। शरीर पर गहरे जख्म मिले हैं। अधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। दोनों के बीच आए दिन झगड़े होते थे। आसपास रहने वाले लोगों ने भी पुलिस को बताया कि घर में अक्सर विवाद की आवाजें सुनाई देती थीं।

जांच अधिकारियों के अनुसार संभावना जताई जा रही है कि महिला पर पहले घर के अंदर हमला किया गया। जान बचाने के लिए वह घर से बाहर भागी, लेकिन करीब 100 मीटर दूर पहुंचने के बाद गिर गई। वहीं उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद से महिला का पति गौरव गायब है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच और परिस्थितियों को देखते हुए मुख्य शक उसी पर जा रहा है। आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम के जरिए घटना की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर महिला के शरीर पर कई चोटों के निशान पाए गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि वारदात से जुड़े अहम सुराग मिल सकें। साथ ही पड़ोसियों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है।

इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में दहशत और गम का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी बेरहमी से हत्या की घटना ने सभी को झकझोर दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

Back to top button