हरियाणा

बादली में बाबा मोहन दास वार्षिक भंडारे में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब,

हजारों श्रद्धालुओं ने लिया बाबा का आशीर्वाद

 

बाबा मोहन दास वार्षिक भंडारे में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद

समाचार क्यारी, बादली (सुनील कुमार, रवि कुमार ):
झज्जर जिले के ऐतिहासिक गांव बादली में जेठ माह की पूर्णिमा के पावन अवसर पर पूज्य बाबा मोहन दास जी की पावन स्मृति में विशाल वार्षिक भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर हरियाणा सहित देश के विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालु बाबा मोहन दास जी के दरबार में पहुंचे और श्रद्धा भाव से माथा टेककर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

गांव बादली स्थित ऐतिहासिक बाबा मोहन दास मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के जयकारों, भजन-कीर्तन और भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने बाबा मोहन दास जी की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा विशाल भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।

मान्यता है कि बाबा मोहन दास जी इस क्षेत्र के इष्ट देवता, कुल देवता एवं कुलगुरु हैं, जिनकी कृपा पूरे गलियां क्षेत्र और आसपास के गांवों पर सदैव बनी रहती है। इसी अटूट आस्था के कारण देश के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले श्रद्धालु भी अपने परिवारों सहित इस पावन अवसर पर बादली पहुंचते हैं और बाबा के दरबार में हाजिरी लगाते हैं।

36 बिरादरी के सहयोग और सामूहिक सहभागिता से आयोजित इस विशाल भंडारे ने सामाजिक एकता, भाईचारे और भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं को एक बार फिर मजबूती प्रदान की। आयोजन में सभी वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और सेवा कार्यों में अपना योगदान दिया।

भक्ति रस में डूबे श्रद्धालु, मंदिर परिसर में गूंजते जयकारे, श्रद्धा से भरी पूजा-अर्चना और विशाल भंडारे में प्रसाद ग्रहण करते लोगों का दृश्य हर किसी को भाव-विभोर कर रहा था। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, सेवा भावना और धार्मिक उत्साह देखने लायक रहा।

वर्षों से चली आ रही यह पावन परंपरा आज भी उसी श्रद्धा, उसी आस्था और उसी भव्यता के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है। क्षेत्रवासियों ने बाबा मोहन दास जी से समस्त समाज के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर गांव के सरपंच आनंद गूलिया, बाबा मोहन दास कमेटी के प्रधान हवा सिंह मलिक तथा समस्त कमेटी सदस्यों ने पधारे हुए सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बाबा मोहन दास जी का यह वार्षिक भंडारा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के सहयोग और सहभागिता के लिए धन्यवाद देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया।

Back to top button