
रोहतक में पति ने पत्नी की हत्या की, घरेलू विवाद के बाद डंडे से हमला, दो बच्चे हुए बेसहारा
घरेलू विवाद में महिला की मौत, पति पर हत्या का आरोप
रोहतक में घरेलू विवाद ने लिया खौफनाक मोड़, पति पर पत्नी की हत्या का आरोप, दो मासूम हुए बेसहारा
समाचार क्यारी ,संजय शर्मा, रवि कुमार,रोहतक:-
हरियाणा के रोहतक जिले के डोभ गांव में एक घरेलू विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया। आरोप है कि पति ने गुस्से में आकर पत्नी पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि भिवानी रोड स्थित डोभ गांव में पीर बाबा मंदिर के सामने बने एक कमरे में एक महिला मृत अवस्था में पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और एफएसएल विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए। पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने डंडे से हमला कर दिया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका की पहचान असम निवासी जोशना के रूप में हुई है, जबकि उसका पति आजाद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कासगंज का रहने वाला बताया जा रहा है। वह रोहतक में कबाड़ का काम करता था। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र करीब पांच और तीन वर्ष है। इस घटना के बाद दोनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई रोहतक भेज दिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।




