हरियाणा

बहादुरगढ़ के अखाड़े के 5 पहलवान एशिया चैंपियनशिप में दिखाया दम,हुए चयनित

थाईलैंड में होने वाली प्रतियोगिता में भारतीय टीम का करेंगे प्रतिनिधित्व

 

बहादुरगढ़ के “हिंद केसरी सोनू अखाड़ा” का दबदबा, 5 पहलवानों ने एशिया चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में बनाई जगह

समाचार क्यारी, बहादुरगढ़ , संजय शर्मा ,सुनील कुमार,: कुश्ती के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहे बहादुरगढ़ ने एक बार फिर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। शहर के प्रसिद्ध हिंद केसरी सोनू अखाड़ा के पांच प्रतिभाशाली पहलवानों का चयन आगामी अंडर-20 जूनियर एशिया चैंपियनशिप और अंडर-15 एशिया चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। यह प्रतियोगिता 27 जून से 4 जुलाई तक थाईलैंड में आयोजित की जाएगी, जहां ये खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

हाल ही में लखनऊ में आयोजित चयन ट्रायल्स में अखाड़े के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। अंडर-20 वर्ग में रोहित दलाल ने 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल, साहिल दलाल ने 86 किलोग्राम फ्रीस्टाइल, विकास दलाल ने 87 किलोग्राम ग्रीको-रोमन तथा दिशांत रुहल ने 130 किलोग्राम ग्रीको-रोमन वर्ग में भारतीय टीम में स्थान हासिल किया। वहीं अंडर-15 एशिया चैंपियनशिप के लिए नितेश दलाल का 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में चयन हुआ है।

हिंद केसरी सोनू अखाड़े के लिए यह उपलब्धि बेहद खास मानी जा रही है। एक ही सप्ताह में अखाड़े के कुल आठ खिलाड़ियों ने विभिन्न राष्ट्रीय टीमों में जगह बनाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इनमें से तीन पहलवानों का चयन एशियन गेम्स के लिए तथा पांच जूनियर पहलवानों का चयन एशियन चैंपियनशिप के लिए हुआ है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि एक ही अखाड़े से इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों का राष्ट्रीय टीमों तक पहुंचना अखाड़े की उच्च स्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था और खिलाड़ियों की मेहनत को दर्शाता है।

इस उपलब्धि पर अखाड़े के मुख्य कोच एवं अर्जुन अवार्ड से सम्मानित धर्मेंद्र पहलवान ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता वर्षों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि थाईलैंड में होने वाली प्रतियोगिता में ये खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश के लिए पदक जीतेंगे और तिरंगे का गौरव बढ़ाएंगे।

खिलाड़ियों के चयन की खबर से पूरे बहादुरगढ़ क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अखाड़े में खिलाड़ियों का सम्मान किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर अर्जुन अवार्डी पहलवान एवं कोच ओमबीर पहलवान, हिंद केसरी सोनू पहलवान, अनुराग कोच, सुधीर कोच, सेठी पहलवान, मुकेश कोच, रिंकू कोच, संजय रोहद सहित अनेक खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Back to top button