
महिला पटवारी और पति गिरफ्तार,जमीन के इंतकाल के नाम पर वसूली
8 हजार रुपये रिश्वत मांगने की शिकायत सही मिलने पर SV&ACB ने की कार्रवाई।
समाचार क्यारी ,जींद। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी मुहिम जारी रखते हुए जींद जिले में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ब्यूरो की टीम ने पुश्तैनी भूमि के इंतकाल (म्यूटेशन) में संशोधन करने के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में उचाना क्षेत्र में तैनात महिला पटवारी नीलम और उसके पति सतीश कुमार को गिरफ्तार किया है।
ब्यूरो द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस मामले में थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, करनाल में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 और 7ए तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
शिकायत के बाद बिछाया गया जाल
शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि उसकी पैतृक भूमि की इंतकाल अपने तथा अपने भाइयों के नाम दर्ज कराने के लिए उचाना में तैनात हल्का पटवारी नीलम और उसके पति सतीश कुमार द्वारा 8,000 रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।

शिकायत के सत्यापन के बाद SV&ACB करनाल इकाई, जींद की टीम ने आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी सतीश कुमार को उचाना बस स्टैंड के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर शिकायतकर्ता से 8,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में सामने आई महिला पटवारी की भूमिका
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सतीश कुमार अपनी पत्नी नीलम, जो उचाना में हल्का पटवारी के पद पर कार्यरत है, के साथ मिलीभगत कर रिश्वत की मांग कर रहा था। इसके बाद ब्यूरो की टीम ने सह-आरोपी महिला पटवारी नीलम को उसके गांव काकड़ोद स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया।
मामले की जांच जारी
SV&ACB अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है। ब्यूरो ने आम नागरिकों से भी भ्रष्टाचार के मामलों की शिकायत करने की अपील की है ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।




