
पंचकूला में चला बुलडोजर, सेक्टर-14 की अवैध झुग्गियों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के नेतृत्व में अभियान जारी, एचएसवीपी के सहयोग से हटाया गया अतिक्रमण, सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात
क्राइम एंड एन्क्रोचमेंट फ्री मिशन के तहत एचएसवीपी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, पर्याप्त पुलिस बल रहा तैनात
समाचार क्यारी | हिमांशु शर्मा | पंचकूला
पंचकूला जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा अवैध बस्तियों पर नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में नजर आ रहा है। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के नेतृत्व में जिला पुलिस द्वारा बड़े स्तर पर क्राइम एंड एन्क्रोचमेंट फ्री मिशन चलाया जा रहा है।

इस विशेष अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क किनारे अवैध रूप से झुग्गी-झोंपड़ी और अस्थायी ठिकाने बनाकर रह रहे प्रवासियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों का गहन सत्यापन किया जा रहा है। पहचान और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) के सहयोग से ऐसे अवैध ठिकानों को हटाकर संबंधित भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार को सेक्टर-14 क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान एचएसवीपी के सहयोग से अवैध रूप से बनाई गई झुग्गियों को बुलडोजर की सहायता से हटाया गया और पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
अभियान के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर कार्रवाई की निगरानी की और पूरे अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन के साथ-साथ शहर में जहां भी अवैध झुग्गियां या अतिक्रमण पाया जाएगा, वहां प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंचकूला को अपराध और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए जिला पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तथा शांति भंग करने वाले तत्वों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि पंचकूला की सुरक्षा, स्वच्छ व्यवस्था और नागरिकों का अमन-चैन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसे बनाए रखने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।




