
मेहंदी सजी हथेलियां, सजधज कर बैठी दुल्हन… लेकिन नहीं आई बारात, बेवफा दूल्हे ने तोड़ा भरोसा
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के लिसाड़ीगेट इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों की पवित्रता और इंसानियत दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक युवती अपने जीवन के सबसे खास दिन पर दुल्हन बनकर बैठी थी, लेकिन जिस शख्स के साथ उसने जिंदगी बिताने के सपने देखे थे, वही ऐन मौके पर उसे छोड़कर भाग गया।

श्यामनगर गली नंबर-3 में रहने वाली इस युवती का पिछले 9 महीनों से एक युवक के साथ प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे से बेइंतहा प्यार करते थे और साथ जीने-मरने की कसमें खा चुके थे। शुरुआत में युवक के परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था, लेकिन लड़के की जिद और लड़की के परिवार की लगातार कोशिशों के बाद आखिरकार शादी के लिए हामी भर दी गई।
दोनों परिवारों की सहमति से 2 अप्रैल 2026 को निकाह की तारीख तय की गई। जैसे-जैसे शादी का दिन नजदीक आया, लड़की के घर में खुशी का माहौल बढ़ता गया। घर को सजाया गया, मेहमानों के लिए भव्य इंतजाम किए गए और करीब 300 लोगों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था की गई।
शादी के दिन दुल्हन पूरी तरह तैयार होकर अपने दूल्हे का इंतजार कर रही थी। उसके हाथों में मेंहदी रची थी, आंखों में सपने थे और दिल में नए जीवन की उम्मीदें। लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता गया, दूल्हे की बारात नहीं पहुंची। पहले तो परिवार को लगा कि शायद कोई देरी हो रही होगी, लेकिन जब काफी समय गुजर गया और फोन कॉल्स का भी कोई जवाब नहीं मिला, तो चिंता बढ़ने लगी।
दुल्हन और उसके परिजनों ने बार-बार दूल्हे और उसके परिवार से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने फोन उठाना जरूरी नहीं समझा। धीरे-धीरे यह साफ हो गया कि उनके साथ धोखा हुआ है।
इस घटना का सबसे ज्यादा असर दुल्हन के पिता पर पड़ा। उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए अपनी पूरी जमा पूंजी लगा दी थी। जब उन्हें यह अहसास हुआ कि दूल्हा बारात लेकर नहीं आएगा, तो वे इस सदमे को सहन नहीं कर पाए। उन्हें दिल का दौरा पड़ा और वे बेहोश होकर गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
इस मुश्किल घड़ी में जहां पूरा परिवार टूट गया था, वहीं दुल्हन ने हिम्मत दिखाई। वह अपने शादी के जोड़े में ही लिसाड़ीगेट थाने पहुंची और दूल्हे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
जब पुलिस ने दूल्हे पक्ष से संपर्क किया, तो उनकी तरफ से एक हैरान करने वाली बात सामने आई। बिचौलिए के जरिए संदेश भेजा गया कि दूल्हे की मां इस शादी के खिलाफ थी। उन्होंने शर्त रखी थी कि जब तक लड़की वाले खुद उनके घर आकर माफी नहीं मांगते या उन्हें मनाने नहीं आते, तब तक बारात नहीं निकाली जाएगी।
इस बयान ने मामले को और भी पेचीदा बना दिया। एक तरफ लड़की का परिवार अपमान और दुख से जूझ रहा था, तो दूसरी तरफ दूल्हे पक्ष की यह शर्त समाज में एक गलत संदेश दे रही थी।
मेरठ के एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह के अनुसार, पुलिस को इस मामले की शिकायत मिल चुकी है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस फिलहाल दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश कर रही है, ताकि लड़की का घर बस सके। लेकिन उन्होंने यह भी साफ कर दिया है कि अगर समझौता नहीं होता है, तो दूल्हे और उसके परिवार के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया जाएगा।
यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। लोग इस बात से हैरान हैं कि कोई कैसे किसी के भरोसे और भावनाओं के साथ इस तरह खिलवाड़ कर सकता है।




