देश

रोहिणी में आयोजित सुंदरकांड पाठ में शामिल हुईं नजफगढ़ से आप नेता अंतिम गहलोत

भव्य सुंदरकांड पाठ में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी, अंतिम गहलोत भी हुईं शामिल।

रोहिणी में आयोजित भव्य सुंदरकांड पाठ में शामिल हुईं वरिष्ठ आप नेता अंतिम गहलोत, श्रद्धालुओं के साथ की पूजा-अर्चना

समाचार क्यारी ,नई दिल्ली ,संजय शर्मा ,हिमांशु शर्मा :-

आम आदमी पार्टी दिल्ली प्रदेश द्वारा रोहिणी में आयोजित भव्य सुंदरकांड पाठ एवं हनुमान भक्ति कार्यक्रम श्रद्धा, आस्था और धार्मिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हनुमान भक्तों, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने भाग लेकर भगवान श्रीराम और हनुमान जी का स्मरण किया। इस अवसर पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे।


कार्यक्रम में गोपाल नगर की पूर्व पार्षद एवं नजफगढ़ से आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता अंतिम गहलोत ने भी विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने सुंदरकांड पाठ में श्रद्धापूर्वक भाग लेते हुए भगवान श्रीराम एवं संकटमोचन हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं, महिलाओं एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में एकता, सद्भाव और सेवा की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

सुंदरकांड पाठ के दौरान पूरा वातावरण भक्ति रस में सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से सुंदरकांड का पाठ किया तथा भगवान श्रीराम और हनुमान जी के जयघोष से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक आरती के साथ देश, समाज और दिल्ली की खुशहाली, शांति एवं समृद्धि की कामना की गई।

इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं ने राम मंदिर निर्माण के लिए एकत्र किए गए चंदे से जुड़े मुद्दे पर अपनी चिंताएं व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री के नाम एक पत्र पर हस्ताक्षर किए। पत्र के माध्यम से मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराए जाने की मांग की गई। उनका कहना था कि धार्मिक आस्था से जुड़े किसी भी विषय पर पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है, ताकि देशवासियों का विश्वास कायम रहे।

वरिष्ठ आप नेता अंतिम गहलोत ने कहा कि धार्मिक आयोजन केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं होते, बल्कि समाज को जोड़ने, भाईचारे को मजबूत करने और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का माध्यम भी होते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम और हनुमान जी के आदर्श हमें सत्य, सेवा, त्याग और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। समाज में सद्भाव और पारदर्शिता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा जताई। बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं की सहभागिता ने कार्यक्रम को भव्य और सफल बना दिया।

Back to top button